- Hindi News
- National
- Dainik Bhaskar Morning News Brief; Uttarakhand UCC Bill | Waqf Delhi AAP Manifesto
3 मिनट पहलेलेखक: अभिषेक तिवारी, न्यूज ब्रीफ एडिटर
- कॉपी लिंक
नमस्कार,
कल की बड़ी खबर कैलाश मानसरोवर यात्रा से जुड़ी रही। पांच साल बाद यह यात्रा फिर शुरू होगी। वहीं दूसरी खबर उत्तराखंड में यूनिफॉर्म सिविल कोड (UCC) लागू होने की है। हम आपको यह भी बताएंगे कि अरविंद केजरीवाल ने हरियाणा सरकार पर यमुना का पानी जहरीला करने का आरोप क्यों लगाया।
लेकिन कल की बड़ी खबरों से पहले आज के प्रमुख इवेंट्स, जिन पर रहेगी नजर…
1. PM नरेंद्र मोदी पहले ओडिशा और फिर उत्तराखंड दौरे पर रहेंगे। वे देहरादून में 38वें नेशनल गेम्स का इनॉगरेशन करेंगे।
2. दिल्ली दंगों के आरोपी और AIMIM कैंडिडेट ताहिर हुसैन की जमानत याचिका पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई होगी।
3. भारत और इंग्लैंड के बीच तीसरा टी-20 मुकाबला राजकोट में खेला जाएगा। 5 मैचों की सीरीज में भारत 2-0 से आगे है।
अब कल की बड़ी खबरें…
1. केजरीवाल बोले- हरियाणा सरकार ने यमुना में जहर मिलाया: भाजपा चाहती है कि दिल्ली के लोग मरें
दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने हरियाणा की भाजपा सरकार पर यमुना के पानी को जहरीला करने का आरोप लगाया है। केजरीवाल ने कहा- दिल्ली के लोगों को पीने के लिए पानी हरियाणा और उत्तर प्रदेश से मिलता है। भाजपा की हरियाणा सरकार ने यमुना के पानी को जहरीला कर दिया है। ताकि दिल्ली के लोग मरें और इसका दोष AAP पर आए।
केजरीवाल के 3 आरोप
- भाजपा की ये सबसे गंदी हरकत: भारतीय जनता पार्टी ने इतनी गंदी हरकत की है, जो शायद ही अब तक किसी ने की हो। दिल्ली जल बोर्ड के इंजीनियर्स ने इसे पकड़ लिया।
- वाटर ट्रीटमेंट भी साफ नहीं कर पाता: यह जहरीला पानी इतना खतरनाक था कि दिल्ली में लगे वाटर ट्रीटमेंट प्लांट में भी जहर की सफाई नहीं हो सकती।
- दिल्ली में नरसंहार होता: अगर यह पानी दिल्ली में आता और पीने के पानी में मिल जाता, तो पता नहीं दिल्ली में कितने लोग मारे जाते- यह एक सामूहिक नरसंहार होता।
हरियाणा सरकार का जवाब: हरियाणा के CM नायब सैनी ने कहा- आरोप लगाना और भाग जाना उनकी आदत है। मैंने कहा था कि आप अपने मुख्य सचिव को भेजिए और मैं अपने मुख्य सचिव से गुणवत्ता की जांच करने के लिए कहूंगा। उन्हें आरोप लगाने के बजाए काम करना चाहिए। दिल्ली के लोगों ने मन बना लिया है कि वे उन्हें (केजरीवाल) सबक सिखाएंगे।
चुनाव आयोग ने रिपोर्ट मांगी: चुनाव आयोग को दिल्ली और पंजाब के मुख्यमंत्रियों की ओर से एक ज्ञापन मिला। इसमें आरोप लगाया गया है कि हरियाणा से दिल्ली को मिलने वाले पानी में अमोनिया की मात्रा बढ़ गई है। आयोग ने हरियाणा सरकार को 28 जनवरी, दोपहर 12 बजे तक तथ्यात्मक रिपोर्ट उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है।
दिल्ली जल बोर्ड की CEO ने कहा- केजरीवाल का बयान गलत: जल बोर्ड की CEO शिल्पा शिंदे ने मुख्य सचिव को पत्र लिखकर केजरीवाल के दावे को गलत बताया है। पत्र में लिखा- हरियाणा के कारण यमुना में अमोनिया को लेकर अरविंद केजरीवाल का बयान का कोई आधार नहीं है। इसमें बताए गए फैक्ट गलत और भ्रामक है।
पूरी खबर यहां पढ़ें…
2. कैलाश मानसरोवर यात्रा 5 साल बाद फिर शुरू होगी: भारत-चीन के बीच डायरेक्ट फ्लाइट भी चालू होंगी
इस साल गर्मी के मौसम से कैलाश मानसरोवर यात्रा फिर से शुरू हो जाएगी। इसके साथ भारत-चीन के बीच डायरेक्ट फ्लाइट्स सर्विस भी शुरू होगी। हालांकि अभी इसकी डेट नहीं आई है। यह जानकारी सोमवार को विदेश मंत्रालय ने एक बयान में दी। इसमें बताया गया कि यह फैसले बीजिंग में भारत के विदेश सचिव विक्रम मिस्त्री और चीनी मंत्री वांग यी के बीच दो दिन की बैठक के बाद लिए गए।
फ्लाइट सर्विस और यात्रा 2020 से बंद थी: कैलाश मानसरोवर यात्रा और दोनों देशों के बीच फ्लाइट सर्विस 2020 से बंद थी। इसकी वजह 2020 में दोनों के बीच खराब रिश्ते और कोविड की लहर थी। भारत-चीन के बीच जून 2020 में डोकलाम विवाद हुआ था और मार्च में कोविड की पहली लहर आई थी।
कैलाश मानसरोवर का ज्यादातर एरिया तिब्बत में: कैलाश मानसरोवर का ज्यादातर एरिया तिब्बत में है। तिब्बत पर चीन अपना अधिकार बताता है। कैलाश पर्वत श्रेणी कश्मीर से भूटान तक फैली हुई है। इस इलाके में ल्हा चू और झोंग चू नाम की दो जगहों के बीच एक पहाड़ है। यहीं पर इस पहाड़ के दो जुड़े हुए शिखर हैं। इसमें से उत्तरी शिखर को कैलाश के नाम से जाना जाता है।
यात्रा के लिए चीन का वीजा जरूरी है: भारत से कैलाश मानसरोवर जाने के दो रास्ते हैं, जबकि कुछ लोग नेपाल के रास्ते भी यहां जाते हैं। पिछले साल नेपाल से होकर कैलाश मानसरोवर जाने वाले 50 हजार यात्रियों को चीन ने इजाजत नहीं दी थी। किसी भी रास्ते से कैलाश मानसरोवर जाने के लिए भारतीयों के पास चीन का वीजा होना जरूरी है।
3. उत्तराखंड UCC लागू करने वाला पहला राज्य बना: सीएम धामी बोले- हलाला, एक से ज्यादा शादियों पर पूरी तरह रोक
उत्तराखंड में यूनिफॉर्म सिविल कोड (UCC) लागू हो गया है। ऐसा करने वाला देश का पहला राज्य है। सीएम धामी ने कहा कि हमने 3 साल पहले जनता से किए गए वादे को पूरा किया। UCC किसी धर्म या वर्ग के खिलाफ नहीं है। इसका उद्देश्य किसी को टारगेट करना नहीं है। सभी को समान अधिकार देना है। 27 जनवरी का दिन समान नागरिकता दिवस के रूप में मनाया जाएगा।
CM धामी ने नियम से जुड़ा पोर्टल लॉन्च किया: मुख्यमंत्री धामी ने समान नागरिक संहिता उत्तराखंड- 2024 को लागू किए जाने वाले नियमावली और पोर्टल का इनॉगरेशन भी किया। यह पोर्टल आम जनता के लिए खोल दिया गया है। https://ucc.uk.gov.in पर लॉग इन कर सकते हैं।
यूनिफॉर्म सिविल कोड से क्या बदलेगा, 5 पॉइंट में समझें…
- समान संपत्ति अधिकार: बेटे और बेटी दोनों को संपत्ति में समान अधिकार मिलेगा। इससे फर्क नहीं पड़ेगा कि वह किस कैटेगरी के हैं।
- मौत के बाद संपत्ति: अगर किसी व्यक्ति की मौत जाती है तो उस व्यक्ति की संपत्ति को पति/पत्नी और बच्चों में समान रूप से बांटा जाएगा। इसके अलावा उस व्यक्ति के माता-पिता को भी संपत्ति में समान अधिकार मिलेगा। पिछले कानून में ये अधिकार केवल मृतक की मां को मिलता था।
- समान कारण पर ही मिलेगा तलाक: पति-पत्नी को तलाक तभी मिलेगा, जब दोनों के आधार और कारण एक जैसे होंगे। केवल एक पक्ष के कारण देने पर तलाक नहीं मिल सकेगा।
- लिव इन का रजिस्ट्रेशन जरूरी: उत्तराखंड में रहने वाले कपल अगर लिव इन में रह रहे हैं तो उन्हें इसका रजिस्ट्रेशन कराना होगा। हालांकि ये सेल्फ डिक्लेरेशन जैसा होगा, लेकिन इस नियम से अनुसूचित जनजाति के लोगों को छूट होगी।
- संतान की जिम्मेदारी: यदि लिव इन रिलेशनशिप से कोई बच्चा पैदा होता है तो उसकी जिम्मेदारी लिव इन में रहने वाले कपल की होगी। दोनों को उस बच्चे को अपना नाम भी देना होगा। इससे राज्य में हर बच्चे को पहचान मिलेगी।
पूरी खबर यहां पढ़ें…
4. वक्फ संशोधन विधेयक को JPC की मंजूरी: इसमें 14 बदलाव, बोर्ड में 2 गैर-मुस्लिम मेंबर्स का नियम भी
वक्फ बिल में बदलावों को संसद की संयुक्त समिति (JPC) ने मंजूरी दे दी। JPC के अध्यक्ष जगदंबिका पाल ने कहा कि इस फाइनल मीटिंग में सभी 44 संशोधनों पर चर्चा की गई। इनमें NDA सांसद के 14 सुझावों को मंजूरी दे दी गई है। विपक्षी सदस्यों ने भी कुछ प्रस्ताव रखे, लेकिन वोटिंग के दौरान इन्हें नकार दिया गया।
बजट सत्र के दौरान संसद में पेश होगी रिपोर्ट: जॉइंट पार्लियामेंट्री कमेटी वक्फ (संशोधन) विधेयक पर अपनी रिपोर्ट बजट सत्र के दौरान पेश करेगी। संसद का बजट सत्र 31 जनवरी से शुरू होकर 4 अप्रैल तक चलेगा। सेंट्रल बजट 1 फरवरी को पेश किया जाएगा।
लोकसभा में पेश हो चुका विधेयक: संसदीय कार्य और अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री किरेन रिजिजू ने पिछले साल 8 अगस्त को लोकसभा में वक्फ बिल 2024 पेश किया था। कांग्रेस और समाजवादी पार्टी समेत विपक्षी दलों ने इस बिल का विरोध करते हुए इसे मुस्लिम विरोधी बताया था। विपक्ष की आपत्ति और भारी विरोध के बीच ये बिल लोकसभा में बिना किसी चर्चा के JPC को भेज दिया गया था।
पूरी खबर यहां पढ़ें…
5. कोलकाता ट्रेनी डॉक्टर रेप-मर्डर केस: पीड़ित के पेरेंट्स दोषी को फांसी नहीं चाहते
सियालदह कोर्ट में केस का ट्रायल 12 नवंबर 2024 को शुरू हुआ था, इसके 57 दिन बाद संजय को दोषी करार दिया गया।
कोलकाता रेप-मर्डर केस में पीड़ित मेडिकल स्टूडेंट के माता-पिता दोषी संजय रॉय को अब फांसी की सजा देने के खिलाफ हैं। पीड़ित के माता-पिता की वकील गार्गी गोस्वामी ने सोमवार को कलकत्ता हाईकोर्ट को बताया- हमारी बेटी की जान गई, इसका यह मतलब नहीं कि संजय की जान भी जाए।
दोषी संजय को उम्रकैद की सजा मिली: सियालदह कोर्ट ने संजय रॉय को 20 जनवरी को उम्रकैद (मरते दम तक जेल) की सजा सुनाई थी। उसी दिन माता-पिता ने भी कहा था कि वे दोषी संजय रॉय को उम्रकैद की सजा सुनाए जाने के सेशन कोर्ट के फैसले से संतुष्ट नहीं हैं। सेशन कोर्ट से फैसले की कॉपी मिलने के बाद हम हाईकोर्ट जाएंगे।
जानिए क्या था पूरा मामला: कोलकाता के आरजी कर हॉस्पिटल में 8-9 अगस्त की रात ट्रेनी डॉक्टर का रेप-मर्डर हुआ था। 9 अगस्त की सुबह डॉक्टर की लाश सेमिनार हॉल में मिली थी। CCTV फुटेज के आधार पर पुलिस ने संजय रॉय नाम के सिविक वॉलंटियर को 10 अगस्त को अरेस्ट किया था। घटना को लेकर कोलकाता समेत देशभर में प्रदर्शन हुए थे।
पूरी खबर यहां पढ़ें…
6. मोदी ने ट्रम्प से फोन पर बात की: अमेरिकी राष्ट्रपति के शपथ लेने के 7 दिन बाद बातचीत
यह फोटो फरवरी 2020 की है, जब ट्रम्प भारत दौरे पर अहमदाबाद पहुंचे थे।
भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प से फोन पर बात की। ट्रम्प के राष्ट्रपति बनने के बाद दोनों के बीच यह पहली बातचीत है। इस दौरान भारत-अमेरिका के रिश्तों को लेकर चर्चा हुई।
मोदी ने सोशल मीडिया X पर लिखा-
अपने प्रिय मित्र राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प से बात करके खुशी हुई। उनके ऐतिहासिक दूसरे कार्यकाल के लिए उन्हें बधाई दी। हम पारस्परिक रूप से लाभप्रद और विश्वसनीय साझेदारी के लिए प्रतिबद्ध हैं। हम अपने लोगों के कल्याण और वैश्विक शांति, समृद्धि और सुरक्षा के लिए मिलकर काम करेंगे।
ट्रम्प की जीत पर भी मोदी ने फोन किया था: 6 नवंबर 2024 को अमेरिकी चुनाव में ट्रम्प के जीत हासिल करने के बाद भी मोदी ने उन्हें फोन किया था और दोबारा राष्ट्रपति चुने जाने पर बधाई दी थी। इस बातचीत में ट्रम्प ने मोदी की लोकप्रियता की तारीफ की थी और उम्मीद जताई थी कि वे आने वाले समय में मिलकर काम करेंगे।
2019 में हाउडी मोदी कार्यक्रम में दोनों साथ में शामिल हुए थे: मोदी ने सितंबर 2019 में अमेरिका का दौरा किया था, तब मोदी के लिए टेक्सास में ‘हाउडी मोदी’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। इसमें ट्रम्प और मोदी ने करीब 50 हजार से ज्यादा भारतीय-अमेरिकियों को संबोधित किया था। इस दौरान दोनों नेताओं ने एक-दूसरे की खूब तारीफ की थी। इसके बाद फरवरी 2020 में ट्रम्प ने भारत का दौरा किया था। ट्रम्प के लिए गुजरात के अहमदाबाद में ‘नमस्ते ट्रंप’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
पूरी खबर यहां पढ़ें…
आज का कार्टून By मंसूर नकवी…
कुछ अहम खबरें हेडलाइन में…
1. महाकुंभ: भीड़ बेकाबू, बैरिकेडिंग गिराकर घुसे: मौनी अमावस्या पर स्नान के लिए प्रयागराज में हुजूम; अमेरिकी सिंगर क्रिस मार्टिन गर्लफ्रेंड संग पहुंचे (पढ़ें पूरी खबर)
2. नेशनल: कर्नाटक CM की पत्नी को ED नोटिस, हाईकोर्ट की रोक: 10 फरवरी तक पूछताछ के लिए नहीं बुला पाएंगे; जमीन घोटाले का आरोप (पढ़ें पूरी खबर)
3. हादसा: दिल्ली IAS कोचिंग हादसा, बेसमेंट के 4 मालिकों को जमानत: हाईकोर्ट ने कहा- बारिश के पानी में 3 छात्रों के डूबने में इनका कोई रोल नहीं (पढ़ें पूरी खबर)
4. क्राइम: दिल्ली में लिव-इन पार्टनर ने युवती का मर्डर किया: लाश सूटकेस में रखकर जलाई; रिश्ते में चचेरा भाई, रिलेशनशिप खत्म करना चाहता था (पढ़ें पूरी खबर)
5. कोर्ट ऑर्डर : हिमाचल में IG समेत 8 पुलिसकर्मियों को उम्रकैद: गुड़िया रेप-मर्डर केस में युवक को गिरफ्तार किया था, हिरासत में टॉर्चर कर मार डाला (पढ़ें पूरी खबर)
6. पॉलिटिक्स: केजरीवाल ने दिल्ली की सड़कों-यमुना पर माफी मांगी: कहा- 2020 में किए वादे सरकार बनने पर पूरे करेंगे; दिल्ली के लिए 15 चुनावी गारंटियां दीं (पढ़ें पूरी खबर)
7. नेशनल: अयोध्या सिटी में आबादी से 30 गुना ज्यादा उमड़ी भीड़: 30 घंटे में 25 लाख ने दर्शन किए; स्कूल 9 दिन के लिए बंद; 2 मौत (पढ़ें पूरी खबर)
8. बॉलीवुड: विक्की कौशल की छावा से हटाया जाएगा विवादित सीन: डायरेक्टर लक्ष्मण उतेकर ने की राज ठाकरे से मुलाकात, 14 फरवरी को रिलीज होगी फिल्म (पढ़ें पूरी खबर)
9. इंटरनेशनल: परप्लेक्सिटी AI ने अमेरिकी टिकटॉक को खरीदने का ऑफर दिया: कंपनी को 300 बिलियन डॉलर में खरीदेगी; 50% हिस्सेदारी सरकार को मिलेगी (पढ़ें पूरी खबर)
कुंभ मॉर्निंग ब्रीफ: मौनी अमावस्या से ठीक पहले श्रद्धालुओं की भारी भीड़, आज धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री हनुमान कथा सुनाएंगे
27 जनवरी तक कुंभ में 14.76 करोड़ श्रद्धालु संगम में स्नान कर चुके हैं। महाकुंभ में रोज क्या हो रहा है और अगले दिन क्या होने वाला है, उससे जुड़ी सारी जरूरी जानकारी के लिए हर सुबह देखिए ‘कुंभ मॉर्निंग ब्रीफ’। पूरी जानकारी के लिए यहां क्लिक करें…
अब खबर हटके…
अमेरिका में 7 साल बाद खिला दुर्लभ फूल, सड़ी हुई लाश जैसी महक आती
यह फूल लिली की प्रजाति का है। अमूमन ये फूल सुमात्रा में पाया जाता है।
अमेरिका के ब्रुकलिन गार्डन में 7 साल बाद एक दुर्लभ फूल खिला है। जिसे देखने दूर-दूर से लोग आ रहे हैं। इस फूल में सड़ी हुई लाश जैसी महक आती है। फूल की लंबाई करीब 5 फीट है। लिली की प्रजाति का यह फूल सुमात्रा में पाया जाता है।
भास्कर की एक्सक्लूसिव स्टोरीज, जो सबसे ज्यादा पढ़ी गईं…
1. मंडे मेगा स्टोरी- ट्रम्प के पूर्वज खुद जर्मन थे: बाहरी निकाल दें, तो अमेरिका में 3% लोग बचेंगे; अप्रवासियों पर इतनी सख्ती क्यों
2. 2000 मौतों का पता लगाने वाले जसवंत सिंह खालड़ा: पुलिस ने किडनैप कर किया फेक एनकाउंटर, दिलजीत दोसांझ ‘पंजाब-95’ में बनेंगे खालड़ा
3. अखाड़ों की कहानी-5: महानिर्वाणी अखाड़े में आधी रात को गुप्त अनुष्ठान: रोज 200 लीटर दूध की रबड़ी बनाते हैं रबड़ीवाले बाबा, कार में चलाते हैं दरबार
4. महाकुंभ की महा-रसोई, 24 घंटे मिलता है खाना: एक बीघा में किचन, कड़ाह ऐसा कि 25 हजार लोगों के लिए एकसाथ बनती है सब्जी
5. धीरेंद्र शास्त्री के साथ कुंभ-5: कुंभ के सामाजिक महत्व के साथ जानिए कि आखिर कुंभ से सबसे ज्यादा फायदा किसे होता है
6. पॉजिटिव स्टोरी- 3 महीने में 7 करोड़ का बिजनेस: जॉब छोड़कर शुरू की कंपनी, 10 कॉलेज के 1500 स्टूडेंट को स्किल्ड किया
7. स्पॉटलाइट- तेल से बाल झड़ें तो कॉल करें 1915 पर: घरेलू मामलों में 1 से 48 घंटों के अंदर मिलेगी मदद, डायल 100 जैसा रिस्पॉन्स रेट
8. बॉबी के बच्चे कहते थे- पापा घर क्यों बैठे हैं: बुरे दौर में क्लब में DJ बने; लेकिन फिर एनिमल ने रातों रात बदली किस्मत
धनु राशि वालों की नौकरी के काम आसानी से पूरे होंगे। मकर राशि वालों को रियल एस्टेट से जुड़े व्यवसाय में अच्छी डील हो सकती है। जानिए आज का राशिफल…
आपका दिन शुभ हो, पढ़ते रहिए दैनिक भास्कर ऐप…
मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ को और बेहतर बनाने के लिए हमें आपका फीडबैक चाहिए। इसके लिए यहां क्लिक करें…